Jindagi Jine ki rah

"ज़िंदगी क्या है?" एक समय की बात है, एक वृद्ध संत हिमालय की गुफा में वर्षों से ध्यान साधना में लीन थे। दूर-दूर से लोग उनके पास जीवन के उत्तरों की तलाश में आते, लेकिन वे मुस्कुराकर बस एक ही बात कहते — "जीवन कोई उत्तर नहीं, एक अनुभव है।" एक दिन एक नौजवान युवक, जिसका मन शंका, संघर्ष और अस्थिरता से भरा था, वहाँ पहुँचा। उसने संत से पूछा, "बाबा, कृपा करके बताइए, ये ज़िंदगी आखिर है क्या?" संत ने उसकी ओर देखा, मुस्कुराए और बोले, "कल सुबह सूर्योदय से पहले नदी किनारे आना। तुम्हारा उत्तर वहीं मिलेगा।" अगली सुबह, युवक नियत समय पर पहुँच गया। संत ने उसे एक मिट्टी का दिया दिया और कहा, "इसे लेकर इस पहाड़ी रास्ते पर चलो और ध्यान रखना — दीया बुझना नहीं चाहिए। जब लौटोगे, तब जीवन का अर्थ समझ पाओगे।" युवक दीये को लेकर चल पड़ा। रास्ता पथरीला था, कहीं अंधेरे में गड्ढे, तो कहीं तेज़ हवाएँ। उसने बड़ी सावधानी से दिया बचाकर सफ़र पूरा किया। जब लौटा, तो गर्व से बोला, "बाबा, देखिए, दिया नहीं बुझा। मैंने संभाल कर रखा।" संत मुस्कुराए, फिर गंभीर स्वर में बोले, "लेकिन बेटा, रास्ते में पेड़ कितने थे, कोई फूल खिला था क्या? चिड़ियों की आवाज़ सुनी? नदी का रंग कैसा था?"
युवक चुप हो गया। उसने इनमें से कुछ भी नहीं देखा था। संत बोले, "बस यही ज़िंदगी है। लोग इसे दीये की लौ की तरह सिर्फ बचाने में लगे रहते हैं — डर, चिंता और भविष्य के भय में। लेकिन जीवन का सार रास्ते में बिखरे फूल, बहती नदी, उड़ती चिड़ियों और हर क्षण के अनुभव में है। जीवन कोई मंज़िल नहीं, बल्कि हर पड़ाव, हर पल का स्वाद है।" फिर उन्होंने आँखें बंद कर लीं और बोले, "ज़िंदगी वो नहीं जो केवल साँस लेने का नाम है, ज़िंदगी वो है जो हर साँस में ज़िंदा रहने का एहसास दे।" युवक की आँखों में आँसू आ गए। आज पहली बार उसने महसूस किया कि जीवन को जीना है — महसूस करना है, समझना नहीं। आख़िर में कहना क्या च रहा हूं?? जीवन केवल समय की गणना नहीं, बल्कि उन पलों की गहराई है जिन्हें हम जीते हैं। यदि हम केवल सुरक्षा और परिणामों की चिंता में उलझे रहें, तो हम जीवन का असली सौंदर्य खो देते हैं। ज़िंदगी प्रश्न नहीं, उपस्थिति है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

आख़िरी सांस तक!

मां का आंचल अब दूर हैं!